शिवगंज में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन, लोढ़ा बोले—जाति-धर्म नहीं, विकास के मुद्दे पर होगा निकाय चुनाव

लोढ़ा बोले- शहर की तस्वीर बदली थी, अब तस्वीर बिगाड़ने का हिसाब मांगो
शिवगंज (रणवीर राजस्‍थान). कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक एवं राज्य मंत्री पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आगामी नगर निकाय चुनाव को जाति और धर्म से ऊपर उठकर शिवगंज के विकास, सम्मान और भविष्य का चुनाव बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया. लोढ़ा ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदेश में करीब पौने तीन वर्ष हो चुके हैं. अब जनता सरकार से पूछ रही है कि इस अवधि में जनहित में क्या काम किए गए.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बोर्ड के समय कराए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें बर्बाद किया गया. उन्होंने रिवरफ्रंट, डिग्गी नाड़ी, विवेकानंद गार्डन, चौराहों के सौंदर्यीकरण, मूर्ति स्थापना और जिला अस्पताल के लिए बजट स्वीकृत करवाकर निर्माण शुरू कराने को कांग्रेस की विकास सोच का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थान और सुविधाएं उपलब्ध कराना था.
पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस बोर्ड के समय नेहरू गार्डन में टॉय ट्रेन, वाटर पूल में नौकायन जैसी सुविधाएं विकसित की गईं. कोरोना काल में सरकारी अस्पताल के माध्यम से जरूरतमंदों को ऑक्सीजन व दवाइयां उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए. कोरोना के बाद लोगों को सकारात्मक माहौल देने के लिए वार्डवार क्रिकेट प्रतियोगिताएं तथा स्थापना दिवस और पूर्व विद्यार्थी स्नेह मिलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए. लोढ़ा ने कहा कि आज कांग्रेस शासनकाल में किए गए सौंदर्यीकरण और जनहित के कार्यों की स्थिति खराब देखकर दुख होता है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस बोर्ड के विकास कार्यों और वर्तमान हालात की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा, “यह चुनाव जाति का चुनाव नहीं है, धर्म का चुनाव नहीं है. यह चुनाव शिवगंज शहर को उठाने, संवारने और बेहतर बनाए रखने का चुनाव है.” उन्होंने पेयजल, सड़क, सफाई और बिजली व्यवस्थाओं को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए तथा रामजी के चढ़ावे, सिरोही रामझरोखे की जमीन और शिवगंज चुंगी नाके से जुड़े मामलों पर जनता के बीच जवाब मांगने की बात कही.निकाय चुनावों को लेकर लोढ़ा ने कहा कि कांग्रेस के प्रयासों और न्यायिक हस्तक्षेप के बाद सरकार को चुनाव कराने के लिए बाध्य होना पड़ा. उन्होंने केंद्र सरकार पर पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भी राजनीतिक हमला बोला.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकट मांगना और चुनाव लड़ना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है. पार्टी उचित व्यक्ति का पारदर्शी तरीके से चयन करेगी. कार्यकर्ताओं से उन्होंने संकल्प लेने का आह्वान किया कि शिवगंज में कांग्रेस का बोर्ड प्रचंड बहुमत के साथ बने. सम्मेलन में पूर्व पालिकाध्यक्ष वजिंग राम घांची, देवराज अग्रवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. हनवंत सिंह मेड़तिया, जिला महासचिव कुशल सिंह देवड़ा सहित कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन सुरेश सिंह राव ने किया.