भीनमाल उप जिला अस्पताल में PMO से मारपीट का मामला, आरोपी के गिरफ्तारी की मांग

IMA ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
जालोर. शहर के उपजिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. नेमीचंद संघवी के साथ एक व्यक्ति द्वारा मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने की घटना से चिकित्सकों में भारी आक्रोश व्याप्त है. मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने उपखंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. चिकित्सकों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और अस्पताल में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है. सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, घटना 18 अगस्त सुबह करीब 10 बजे की है, जब PMO डॉ. नेमीचंद संघवी अपने कक्ष में मरीजों का इलाज कर रहे थे. उसी दौरान आरोपी कमलेश कुमार अस्पताल के एक संविदा कर्मचारी के मानदेय (वेतन) के सिलसिले में कमरे में दाखिल हुआ. कर्मचारी के लंबे समय से अनुपस्थित रहने के कारण डॉ. संघवी ने नियमानुसार मानदेय जारी करने में असमर्थता जताई .
इसी बात से उग्र होकर कमलेश कुमार ने डॉ. संघवी का कॉलर पकड़ लिया, गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की. आरोपी ने टेबल पर रखी नेमप्लेट उखाड़कर फेंक दी. मौके पर मौजूद अन्य डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने बीच-बचाव कर मामले को संभाला.
पूरी घटना अस्पताल के CCTV कैमरे में कैद हो गई है. घटना के तुरंत बाद थाने में नामजद FIR दर्ज कराई गई.‌ IMA पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहने वाले चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के साथ इस प्रकार की हिंसा से कर्मचारियों में डर का माहौल है.
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो संपूर्ण चिकित्सा समुदाय कार्य बहिष्कार (हड़ताल) जैसे कड़े कदम उठाने को मजबूर होगा . प्रदर्शन के दौरान IMA अध्यक्ष डॉ. हिम्मत शर्मा, डॉ. प्रेमराज परमार, डॉ. भूपेंद्र चौधरी, BCMO डॉ. दिनेश जाम्भानी, डॉ. रमेश देवासी, डॉ. बाबूलाल चौधरी, डॉ. नेमीचंद संघवी, डॉ. भगवानाराम जांगिड़, डॉ. रवि परमार, डॉ. अक्षय बोहरा, डॉ. विनोद कुमार वारडे, नरेंद्र सिंह गोहिल, संजीव माथुर, डॉ. जुगमलराम चौधरी, डॉ. सुरेश विश्नोई, डॉ. अनिल बिश्नोई, ललित कुमार, जितेंद्र कुमार, भिखाराम सहित भारी संख्या में नर्सिंग व अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा.