जालोर नगर परिषद चुनाव में सभापति के दावेदार अब दौड़ा रहे दिमागी घोड़ा
नगर निकाय चुनाव की घोषणा, कांग्रेस का ऑनलाइन आवेदन का भी फॉर्मूला
दिलीपसिंह बालावत
जालोर. नगर निकाय चुनाव की लॉटरी के बाद अब इच्छुक दावेदार अपनी सुरक्षित सीट और जीत की तलाश में लग गए हैं. नगर निकाय की लॉटरी के बाद वार्डो की स्थिति स्पष्ट हो गई है ऐसे में अब जालोर नगर परिषद में सभापति के कई ऐसे दावेदार है जिनका वार्ड आरक्षित हो गया है ऐसे में वे अब किसी दूसरे सुरक्षित वार्ड की तलाश में अपना दिमागी घोड़ा दौड़ा रहे हैं. ताकि जितने के बाद सभापति पद के लिए दावा मजबूत हो सके. बता दें कि जालोर नगर परिषद में इस बार सभापति की सीट सामान्य है ऐसे में इस बार दावेदार बड़ी संख्या में आगे आ रहे हैं.हालांकि वार्डो की लॉटरी से पहले उम्मीद लगाए बैठे कई दावेदारों को वार्डो की लॉटरी खुलने के बाद निराशा हाथ लगी, हालांकि वे सुरक्षित वार्ड की तलाश भी कर रहे हैं ताकि पहली सीढ़ी पार कर सके. चर्चा इस बात की भी है कि जो अपने आप को सभापति का दावेदार मान कर चल रहे थे उनके ही अधिकांश वार्ड आरक्षित हुए हैं.
पिछली बार निर्दलीयों के सहारे बना था बोर्ड
नगर परिषद जालोर में हालांकि इस बार भी नहीं लगता है कि किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल पाएगा, तो ऐसे में इस बार भी निर्दलीयों के सहारे की आवश्यकता पड़ सकती है हालांकि यह तो चुनाव के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. बता दें कि पिछले बोर्ड में भी कांग्रेस से 14 पार्षद जीतकर आए थे तो वही बीजेपी को भी 18 सीट मिली थी ऐसे में निर्दलीयों के सहारे भाजपा ने बोर्ड बनाया था.
आवेदन के लिए इस बार कांग्रेस का ऑनलाइन फॉर्मूला
जानकारी के अनुसार इस बार कांग्रेस इच्छुक दावेदारों से ऑनलाइन आवेदन करवा रही है इसके लिए उन्होंने प्रदेश स्तर से एक क्यूआर कोड जारी किया है जिसे स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा.
इनका कहना
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी वार रूम द्वारा आगामी निकाय चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों की जानकारी एकत्रित करने के लिए डिजिटल क्यूआर स्कैन फार्म जारी किया गया है.इस डिजिटल फार्म के माध्यम से इच्छुक दावेदार अपनी व्यक्तिगत, राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे. प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों एवं विवरणों का संकलन करने के बाद संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों को प्रेषित किया जाएगा.दावेदारों द्वारा डिजिटल फार्म में दी गई जानकारी प्राप्त होने के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी जालौर द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आवश्यक आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी.
योगेंद्रसिंह कुम्पावत, प्रवक्ता, जिला कांग्रेस कमेटी जालौर
इनका कहना
पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता हो उसको प्राथमिकता देंगे, वही ऐसा उम्मीदवार हो जो नगर परिषद में जाकर आमजन की आवाज उठा सके साथ ही उसकी सामाजिक क्षेत्र में भी अच्छी पैठ हो.
जसराज पुरोहित, जिलाध्यक्ष भाजपा जालोर
