सुमेरपुर. नगर निकाय चुनाव की आहट के साथ ही सुमेरपुर की सियासत में हलचल तेज हो गई है. प्रदेश में आचार संहिता लग चुकी है.
चेयरमैन की कुर्सी को लेकर संभावित दावेदारों और उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर माहौल बनाना शुरू कर दिया है. सामने आई एक पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है—आखिर सुमेरपुर नगरपालिका की कमान किसके हाथ होगी?
शहर में सोशल मीडिया पर प्रमुखता से धीरज सांखला, पप्पू भाई पंडित (चतुर्भुज) और विनोद पारिक के नाम सामने आए हैं. पोस्ट में धीरज सांखला को समर्पित, ईमानदार और सबका नेता, जबकि विनोद पारिक को समर्पित एवं विकास के लिए बताया गया है. वहीं पप्पू भाई पंडित के पक्ष में शिक्षित, समझदार, ईमानदार और विकास के लिए समर्पित जैसे दावे किए गए हैं.
नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस बीजेपी में सरगर्मियां तेज हो गई है.
पोस्ट में “पढ़ा-लिखा चेयरमैन चाहिए सुमेरपुर को” का नारा भी प्रमुखता से उभारा गया है. इससे साफ है कि चुनावी मैदान में सिर्फ नाम नहीं, बल्कि शिक्षा, ईमानदारी, विकास और नेतृत्व क्षमता को भी मुद्दा बनाने की तैयारी है.
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल यह पोस्ट आधिकारिक चुनावी उम्मीदवारों की सूची नहीं है, लेकिन इसने संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाओं का बाजार जरूर गर्म कर दिया है. सुमेरपुर की सियासत में अब सवाल एक ही—कौन संभालेगा चेयरमैन की कुर्सी और किसके सिर सजेगा सुमेरपुर नगरपालिका का ताज?
आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण, वार्डों की तस्वीर और दावेदारों की सक्रियता इस मुकाबले को और दिलचस्प बना सकती है.
