पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में ताला तोड़कर लिया कब्जे में
सिरोही. ग्राम पंचायत सिंदरथ में स्थित पुराने पंचायत भवन (सरकारी संपत्ति) पर अवैध रूप से किया गया कब्जा बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में हटा दिया गया.
प्रशासक शिवराज सिंह देवड़ा ने बताया की, सिंदरथ स्थित पुराने पंचायत भवन पर ई-मित्र संचालक दिलीप कुमार पुत्र कालूराम मेघवाल द्वारा ताला लगाकर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था. इसे खाली कराने के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट, विकास अधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिरोही के निर्देशों पर कड़ी कार्रवाई की गई.
कार्रवाई के दौरान शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार (कार्यपालक मजिस्ट्रेट), सिरोही सदर थाने का पुलिस जाब्ता, भू-अभिलेख निरीक्षक (कानूनगो), पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी मौके पर तैनात रहे. प्रशासन की टीम ने कमरे का ताला भिजवाकर भवन को खाली करवाया और मौके पर ही फर्द तैयार कर ग्राम पंचायत को पुनः सुपुर्द किया. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई.
इस दौरान प्रशासक शिवराज सिंह देवड़ा, ग्राम विकास अधिकारी, पुलिस प्रशासन के जवान, पटवारी मौजूद रहे . प्रशासक शिवराज सिंह देवड़ा कि देखरेख में इस बेदखली कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया.
